Breaking news : महराजगंज में पत्नी ने पति को जिंदा जलाया, कमरे में ताला लगाकर हुई फरार
65 वर्षीय पत्नी सुमित्रा पर पति को जिंदा जलाने का आरोप, सोमवार देर रात की घटना; पुलिस जांच में जुटी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बासपारकोठी गांव में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। 65 वर्षीय सुमित्रा पर अपने 70 वर्षीय पति रामपति को जिंदा जलाकर मारने का आरोप है। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान सुमित्रा ने पहले पति पर हमला किया और फिर कमरे में आग लगा दी। आग लगाने के बाद कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गई। घर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर रामपति का जला हुआ शव मिला। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों के मुताबिक, सुमित्रा पहले भी अपने पति पर चाकू से हमला कर चुकी थी। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन इस बार विवाद ने भयावह रूप ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकीदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि आरोपी महिला की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिस्ट्रीशीटर गैंग सूने मकानों को बनाता था निशाना, सीओ के नेतृत्व में पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे